Home Hindi आईएसएल – पुणे ने चेन्नई को जीत की हैट्रिक से रोका

आईएसएल – पुणे ने चेन्नई को जीत की हैट्रिक से रोका

0
1
FC Pune City 1
FC Pune City: Courtesy (Official Facebook page of FC Pune City)

FC Pune City 1पुणे, 23 अक्टूबर। एफसी पुणे सिटी ने रविवार को बालेवाडी स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के अपने पांचवे मैच में मौजूदा चैम्पियन चेन्नयन एफसी को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया। एसा लग रहा था कि चेन्नई की टीम इस सीजन में जीत का हैट्रिक लगाने वाली पहली टीम बन जाएगी लेकिन 82वें मिनट में पुणे ने बराबरी का गोल करते हुए इस सम्भावना को टाल दिया।

उम्मीद थी कि पुणे की टीम अपने मुख्य कोच एंटोनियो हाबास को चार मैचों के प्रतिबंध के बाद डगआउट में वापसी का तोहफा जीत के साथ देने मे सफल होगी लेकिन 28वें मिनट में भारतीय स्ट्राइकर जेजे लालपेखलुवा ने चेन्नई का खाता खोलते हुए उसे निराश कर दिया।

इसके बाद हालांकि पुणे ने बराबरी के लिए जी-जान लगा दिया लेकिन इसके लिए उसे काफी लम्बा इंतजार करना पड़ा। 82वें मिनट में उसके मेक्सिकन स्ट्राइकर अनिबाल जुरडो रोड्रिग्वेज ने एक उम्दा गोल के माध्यम से उसे बराबरी पर ला दिया।

इसके बाद दोनों टीमों के बीच आगे निकलने के लिए जबरदस्त होड़ लगी लेकिन सफलता किसी को नहीं मिली। चेन्नई की टीम जहां जीत की हैट्रिक से वंचित रह गई वहीं पुणे की टीम हाबास को जीत का तोहफा नहीं दे सकी। वैसे यह मैच पुणे के लिए एक लिहाज से सकारात्मक रहा क्योंकि वह अपने घर में इस सीजन में तीसरी हार टालने में सफल रहा।

दूसरी ओर, चेन्नई ने पुणे के खिलाफ आईएसएल में अजेय रहने के रिकार्ड को बरकरार रखा है। रिकार्ड बताते हैं कि चेन्नई की टीम पुणे के हाथों कभी नहीं हारी है। इन दोनों के बीच कुल पांच मैच हुए हैं, जिनमें से तीन में चेन्नई की जीत हुई है। दो मैच ड्रा रहे हैं।

इस मैच से मिले एक अंक के साथ चेन्नई की टीम ने आठ अंकों के साथ तालिका में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। उसे एक स्थान का फायदा हुआ है। मुम्बई के भी आठ अंक हैं लेकिन चेन्नई ने उसकी तुलना में एक मैच कम खेला है। नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी 10 अकों के साथ पहले स्थान पर है। चेन्नई ने हालांकि यह मैच जीतकर तालिका में पहले स्थान पर पहुंचने का मौका फिलहाल गंवा दिया है।

दूसरी ओर, पुणे की टीम के पास इस मैच से तीन अंक लेकर पहली बार शीर्ष-4 में पहुंचने का मौका था लेकिन वह इस बात से खुश होगी कि अनिबाल के गोल ने उसे अपने घर में तीसरी हार से बचा लिया है। इस मैच से हासिल एक अंक ने पुणे को छठे स्थान पर पहुंचा दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here