Home Hindi आईएसएल – ह्यूम ने कोलकाता को दिलाई दिल्ली पर पहली जीत

आईएसएल – ह्यूम ने कोलकाता को दिलाई दिल्ली पर पहली जीत

0
1
Atletico kolkata vs Delhi Dynamos FC

Atletico kolkata vs Delhi Dynamos FCकोलकाता, 22 अक्टूबर। इयान ह्यूम द्वारा 78वें मिनट में पेनाल्टी पर किए गए गोल की मदद से एटलेटिको दे कोलकाता ने शनिवार को रवींद्र सरोवर स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के अपने पांचवें मैच में दिल्ली डायनामोज को 1-0 से हरा दिया। यह आईएसल के इतिहास में दिल्ली पर कोलकाता की पहली जीत है।

इस जीत ने कोलकाता को आठ टीमों की तालिका मे नौ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया है। कोलकाता अब भी इस सीजन में अजेय है जबकि दिल्ली को पहली हार मिली है। ह्यूम इसके साथ आईएसएल में सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

मैच का एकमात्र गोल ह्यूम ने समीघ दोउते द्वारा हासिल पेनाल्टी पर किया। दोउते गेंद लेकर दिल्ली के बाक्स में घुसे लेकिन वह लालचानकीमा द्वारा गिरा दिए गए। कोलकाता के पास बढ़त हासिल करने का बेहतरीन मौका था, जिसे इयान ह्यूम ने जाया नहीं होने दिया।

दोउते ने राजा शेख से दाएं किनारे से मिले पास पर दिल्ली के गोलपोस्ट पर हमला किया था और चिंगलेनसाना सिंह को छकाने में सफलता हासिल की थी। इसके बाद वह लालचानकीमा के करीब पहुंचे लेकिन गिरा दिए गए। इस पर रेफरी ने बिना देरी किए पेनाल्टी दे दिया।

इससे तीन मिनट पहले कोलकाता के सेरेनो फोंसेका को लाल कार्ड दिखाया गया और इसके एक मिनट बाद ही दिल्ली को पेनाल्टी किक मिला, जिस पर मार्सेलो लीते परेरा गोल करने से चूक गए। परेरा ने वह गोल कर दिया होता तो दिल्ली उसी समय आगे हो गई होती लेकिन 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रहे कोलकाता ने लगातार हमले जारी रखे और उसी का ईनाम उसे मिला।

पहला हाफ दर्शकों के लिहाज से मनोरंजक रहा। शुरुआत थोड़ी धीमी रही लेकिन दोनो टीमों ने जल्द ही रफ्तार पकड़ ली। दिल्ली ने पहला वार किया लेकिन कोलकाता के गोलकीपर देबजीत मजूमदार और प्रबीर दास ने उन्हें बेकार कर दिया।

अगर दोनों ने बहादुरी नहीं दिखाई होती तो कोलकाता के खिलाफ 2-3 गोल हो गए होते। इस हाफ में एक समय एसा भी आया, जब देबजीत ने दिल्ली के चार लगातार हमले बेकार किए।

कोलकाता को भी इस हाफ में दो अच्छे मौके मिले लेकिन वह उन्हें भुना नहीं सका। इस हाफ में कोलकाता ने हालांकि दिल्ली के मुकाबले हल्का खेल दिखाया।

दूसरे हाफ में कोलकाता ने बेहतर खेल दिखाया लेकिन दिल्ली ने भी लगातार हमले जारी रखे। दूसरे हाफ का अंतिम पड़ाव दोनों टीमों के लिए काफी रोमांचक साबित हुआ लेकिन रोमांच के इस क्षण को 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही कोलकाता की टीम ही खुलकर जी सकी।

बीते दो सीजन में कोलकाता ने हर एक टीम पर जीत हासिल की थी लेकिन दिल्ली की टीम उसके वश में नहीं रही थी। बीते चार मैचों में कोलकाता को दिल्ली के खिलाफ सिर्फ दो बार गोल करने का मौका मिला था। इससे कम गोल कोलकाता ने किसी अन्य टीम के खिलाफ नहीं किए हैं।

इस मैच से पहले दोनों टीमें अजेय थीं लेकिन अब समीकरण बदल चुका है। कोलकाता ने अब तक कुल पांच मैच खेले हैं। दो में उसे जीत मिली है और तीन मैच ड्रा रहे हैं। दूसरी ओर, दिल्ली ने पहले मैच में मौजूदा चैम्पियन चेन्नयन एफसी के खिलाफ जीत हासिल की थी लेकिन उसके बाद उसने तीन मैच ड्रा खेले लेकिन यहां उसके अजेय बने रहने का क्रम टूट गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here